डीएम जनसुनवाई में पहुंचा चौंकाने वाला मामलाऋषिकेश में 12 वर्षीय नाबालिग को बैंक नोटिस, डीएम सविन बंसल ने दिए कार्रवाई के निर्देश

डीएम जनसुनवाई में पहुंचा चौंकाने वाला मामलाऋषिकेश में 12 वर्षीय नाबालिग को बैंक नोटिस, डीएम सविन बंसल ने दिए कार्रवाई के निर्देश

स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

ऋषिकेश तहसील परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय सभी हैरान रह गए, जब जिलाधिकारी सविन बंसल के सामने बैंक लोन से जुड़ा एक अजीबो-गरीब मामला पहुंचा। मामला बैंक द्वारा एक 12 वर्षीय नाबालिग बच्चे को लोन अदायगी का नोटिस भेजे जाने से जुड़ा था।

जनसुनवाई में भट्टोवाला, श्यामपुर निवासी विधवा अनिता ने जिलाधिकारी को अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि उनके पति नरेश सिंह ने स्वरोजगार के लिए वर्ष 2022 में अल्मोड़ा को-ऑपरेटिव बैंक से करीब 22 लाख रुपये का लोन लिया था। लोन की किस्तें वर्ष 2024 तक नियमित रूप से जमा की जाती रहीं, लेकिन पति की मृत्यु के बाद किस्तों का भुगतान बंद हो गया।

पीड़िता का आरोप है कि लोन पर बीमा होने के बावजूद बैंक द्वारा लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बैंक ने 12 वर्षीय नाबालिग बेटे को भी नोटिस जारी कर दिया, जिससे बच्चा मानसिक तनाव में है। इसके साथ ही गारंटरों को भी परेशान किया जा रहा है।

अनिता ने बताया कि लोन बीमा के नाम पर बैंक ने 4120 रुपये का शुल्क भी काटा था, लेकिन अब बैंक बीमा कंपनी को नोटिस भेजकर रिकवरी प्रक्रिया शुरू करने के लिए तैयार नहीं है।

पीड़िता की फरियाद सुनने के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग के अधिकारियों को बैंक के खिलाफ आरसी काटने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि नाबालिग को नोटिस भेजना गंभीर लापरवाही है और इस तरह के मामलों में संबंधित संस्थानों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जनसुनवाई में डीएम के इस सख्त रुख के बाद पीड़िता को राहत की उम्मीद जगी है।