हल्द्वानी बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले जिला प्रशासन अलर्ट

हल्द्वानी बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले जिला प्रशासन अलर्ट

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा रेलवे भूमि अधिकरण मामले में 10 दिसंबर को सुप्रीम कोर्ट से महत्वपूर्ण फैसला आने की संभावना है। फैसले से पहले नैनीताल जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर हैं।

सुरक्षा के दृष्टिगत क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर पुलिस जवानों को ब्रीफिंग दी। इसके बाद बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि कल के फैसले की दृष्टिगत किसी भी तरह की अफवाह या सोशल मीडिया में भ्रमित जानकारी न फैलाएं, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सके। जिला प्रशासन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो भी फैसला होगा, सभी को मान्य करना होगा।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने पुलिस फोर्स को ब्रीफिंग देते हुए कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन अधिकारियों को सरकारी हथियार अलॉट किए गए हैं, उन्हें ड्यूटी के दौरान अपने पास रखना अनिवार्य है। बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस 24 घंटे निगरानी कर रही है और आवश्यकतानुसार सामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले की दृष्टिगत प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत लोगों के साथ बैठक भी की जा चुकी है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।