हरिद्वार में ओवरलोडिंग पर डीएम का एक्शन: शुगर मिलों को सख्त निर्देश, प्रशासन का कड़ा अभियान जारी

हरिद्वार में ओवरलोडिंग पर डीएम का एक्शन: शुगर मिलों को सख्त निर्देश, प्रशासन का कड़ा अभियान जारी

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने बताया कि पिछले तीन–चार दिनों से प्रशासन लगातार कड़ाई से कार्रवाई कर रहा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जिलाधिकारी ने डीसीओ गन्ना को आदेशित किया है कि वे जिले की सभी शुगर मिलों के साथ समन्वय बनाते हुए सुनिश्चित करें कि किसी भी ट्रैक्टर–ट्रॉली या वाहन में ओवरलोडिंग न हो। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई वाहन ओवरलोड पाया जाता है या उससे दुर्घटना होती है, तो जिम्मेदारी तय कर संबंधित अधिकारियों व व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

डीएम के निर्देश के बाद परिवहन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन को भी विशेष निगरानी बढ़ाने और हर गाड़ी की जांच करने को कहा गया है। प्रशासन का मानना है कि यह कदम जिले में सड़क सुरक्षा सुधारने और दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हरिद्वार प्रशासन उम्मीद कर रहा है कि इस कठोर अभियान से ओवरलोडिंग की समस्या में प्रभावी कमी आएगी और यात्रियों व आम नागरिकों के लिए अधिक सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।