

रिपोर्ट – राजू सहगल।
लोकेशन – किच्छा।


पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव कैंपेन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत का सिख समाज पर दिया गया बयान अब उनके लिए बड़ा विवाद बन गया है। उत्तराखंड के कई जिलों में सिख समाज विरोध प्रदर्शन कर रहा है, वहीं किच्छा में भी गुरुद्वारा सिंह सभा के बैनर तले भारी आक्रोश देखने को मिला।



शुक्रवार को सिख समाज के दर्जनों लोग नगर के मुख्य बाजार से जुलूस की शक्ल में दीनदयाल चौक पहुंचे। इससे पहले विरोध प्रदर्शन के तहत लोगों ने हरक सिंह रावत के पुतले को जूतों की माला पहनाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। पूरे जुलूस के दौरान लोगों ने कांग्रेस नेता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि रावत का बयान न केवल आपत्तिजनक है, बल्कि सिख इतिहास और मर्यादा का अपमान भी है। आक्रोशित लोगों ने मांग की कि हरक सिंह रावत तुरंत अमृतसर स्थित अकाल तख्त श्री हरमंदिर साहिब दरबार में हाजिरी लगाकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और अपने बयान का पश्चाताप करें।



सिख समाज ने यह भी कहा कि रावत को गुरुद्वारे में सेवा—जूते-चप्पल साफ करने और संगत की सेवा—करके अपने अपराध का प्रायश्चित करना चाहिए।


वक्ताओं ने चेतावनी दी कि सिख समाज के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी या अपमानजनक बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द माफी नहीं मांगी गई, तो विरोध और तेज किया जाएगा।




