

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट


गोवा के अरपोरा स्थित एक नाइट क्लब में शनिवार आधी रात हुए सिलेंडर विस्फोट से लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में अधिकांश नाइट क्लब के कर्मचारी शामिल थे। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में उत्तराखंड के चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक के नेत्र सलान गांव के 22 वर्षीय मनीष महर पुत्र कृष्ण सिंह की भी मौत हो गई। मनीष नाइट क्लब में सेफ (सहायक) के रूप में काम कर रहा था।



परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मनीष की मौत की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बेसुध स्थिति में हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इस घटना के बाद पूरी तरह टूट गया है।


विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने जताया दुख

लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दर्दनाक हादसा है जिसमें क्षेत्र का एक होनहार युवक आग की लपटों में समा गया।
विधायक ने सरकार से मनीष के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है और भरोसा दिलाया है कि उनके स्तर से हर संभव मदद की जाएगी।


मुख्यमंत्री धामी ने लिया संज्ञान, शव लाया जाएगा सरकारी खर्च पर
जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने बताया कि मामले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लिया है।
सरकारी खर्च पर युवक का शव गोवा से नेत्र सलान गांव लाया जाएगा ताकि अंतिम संस्कार सम्मानपूर्वक किया जा सके।

क्षेत्र में मायूसी का माहौल
गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में 25 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। मनीष की मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबा दिया है। गांव में मातम पसरा है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।



