ज्योर्तिमठ में भालू का आतंक जारी, आबादी में अफरा-तफरी—वन विभाग की टीम अलर्ट

ज्योर्तिमठ में भालू का आतंक जारी, आबादी में अफरा-तफरी—वन विभाग की टीम अलर्ट

लोकेशन : ज्योतिर्मठ
ब्यूरो रिपोर्ट

दिसंबर का दूसरा सर्द और ठिठुरन भरा सप्ताह चल रहा है, लेकिन पहाड़ों में भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सीमांत नगर ज्योर्तिमठ के डांडो वॉर्ड, मुख्य बाजार, नरसिंह मंदिर, सिंहधार, मनोहर बाग, सुनील, टीवी टावर, नोंग, चौड़ारी, रवि ग्राम और जीरो बैंड इलाके में लगातार भालू सक्रिय होने की खबरें सामने आ रही हैं। इससे नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

भालू ने डांडो गांव में मचाई अफरा-तफरी
सुबह साढ़े चार बजे डांडो गांव के आबादी वाले इलाके में भालू के घुसने से अफरा-तफरी मच गई। भालू एक जगह से दूसरी जगह उधम मचाते हुए साफ दिखाई दिया। गौशाला के आसपास मंडराते देख ग्रामीणों ने अपने छतों से शोर मचाया, जिसके बाद भालू बमुश्किल गांव के बीच के रास्तों से अपर बाजार की ओर भाग गया। सौभाग्य रहा कि उस समय पैदल संपर्क मार्ग पर लोग नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

वन विभाग की टीम ने की जांच और गश्त
सूचना मिलने पर नन्दा देवी राष्ट्रीय पार्क की QRT टीम, रेंज ऑफिसर गौरव नेगी के नेतृत्व में, भालू प्रभावित डांडो गांव पहुंची। टीम ने जहां-जहां भालू की गतिविधियां देखी, उन पॉइंट्स का निरीक्षण किया और वापस लौटी। इसके बाद मुख्य बाजार से लेकर सुनील गांव तक QRT टीम गश्त करती नजर आई, लेकिन तब तक भालू जंगल की ओर भाग चुका था।

वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। साथ ही, विभाग इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ाने को लेकर सतर्क है, ताकि मानव-भालू संघर्ष को रोका जा सके।