जिला अस्पताल हरिद्वार में शर्मनाक लापरवाही: मोर्चरी में रखा शव चूहों ने काटा, फ्रीजर खराब — परिजनों का हंगामा, हाई-लेवल जांच शुरू

जिला अस्पताल हरिद्वार में शर्मनाक लापरवाही: मोर्चरी में रखा शव चूहों ने काटा, फ्रीजर खराब — परिजनों का हंगामा, हाई-लेवल जांच शुरू

टॉप – हरिद्वार
संवाददाता – धर्मराज

जिला अस्पताल से दिल दहला देने वाली लापरवाही सामने आई है। पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखे गए 36 वर्षीय लखन शर्मा उर्फ लक्की के शव को चूहों ने बुरी तरह काट दिया। यहां तक कि मृतक की एक आंख को भी चूहों ने नुकसान पहुंचा दिया। शनिवार सुबह जब परिजनों ने शव का चेहरा देखा तो सबके होश उड़ गए। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जोरदार हंगामा किया।

फ्रीजर खराब, सुरक्षा में गंभीर चूक
लखन शर्मा का बीती रात निधन होने के बाद शव मोर्चरी में रखा गया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि मोर्चरी का फ्रीजर कई दिनों से खराब पड़ा था और इसका पिछला हिस्सा खुला हुआ था, जिसके कारण चूहे आसानी से अंदर घुस आए। चेहरे, आंख, कान और नाक पर चूहे के काटने के गंभीर निशान मिले हैं। डॉक्टर रात में उपलब्ध नहीं थे, जिससे सुरक्षा और व्यवस्था दोनों में बड़ी चूक सामने आई है।

सामाजिक संगठनों और नेताओं ने उठाए सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही पंजाबी समाज और स्थानीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मोर्चरी की बदहाल हालत और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल खड़े किए। अस्पताल प्रबंधन ने भी खराब फ्रीजर की पुष्टि करते हुए मामले में जांच के आदेश जारी किए हैं।

हाई-लेवल जांच समिति गठित
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमें तुरंत अस्पताल पहुंचीं। जिलाधिकारी के निर्देश पर एक हाई-लेवल जांच समिति गठित कर दी गई है। इसकी जांच जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को सौंप दी गई है, जो तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे।

पोस्टमार्टम प्रक्रिया भी प्रभावित
हंगामे की वजह से पोस्टमार्टम प्रक्रिया रोकनी पड़ी थी, जिसे अब दोबारा पूरा कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जिनकी लापरवाही सामने आएगी, उन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अस्पताल की मोर्चरी में हुए इस भयावह हादसे ने जिला स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल एक बार फिर खोल दी है।