हरिद्वार में सड़क पर ताबड़तोड़ हमला: दो पक्षों की भिड़ंत का वीडियो वायरल

हरिद्वार में सड़क पर ताबड़तोड़ हमला: दो पक्षों की भिड़ंत का वीडियो वायरल

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज

नगर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के सामने शुक्रवार को दो पक्षों के बीच अचानक विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला हाथापाई में बदल गया। कुछ ही पलों में दोनों पक्षों ने लाठी–डंडे निकालकर एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

राहगीरों के सामने हुई यह मारपीट एक राहगीर ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर ली, जो कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। वीडियो में दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर बेरहमी से वार करते साफ देखा जा सकता है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी प्रयासों के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत मिलेगी, आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हिंसा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा।