

स्थान : उत्तरकाशी
ब्यूरो रिपोर्ट


धराली। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने धराली का दौरा किया और भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धराली आपदा के चार महीने बाद भी ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। उनका कहना था कि सरकार केवल बयानबाजी, ड्रोन सर्वे और प्रेस कॉन्फ्रेंस में व्यस्त है, जबकि धराली के लोग अपनी जिंदगी की लड़ाई अकेले लड़ रहे हैं।



गणेश गोदियाल ने बताया कि सबसे हृदयविदारक स्थिति यह है कि कई परिजनों के शव अभी भी मलबे के नीचे दबे हैं, लेकिन सरकार ने उनकी खोज नहीं करवाई। इसके बजाय मलबे के ऊपर से ही यात्रा मार्ग बना दिया गया, जो किसी भी सभ्य सरकार के लिए कलंकपूर्ण है।



उन्होंने कहा कि आपदा के बाद स्थानीय रोजगार और पर्यटन सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। होटल व्यवसायी आज तक मुआवज़ा नहीं पा सके, जबकि सरकार के मंत्री कैमरों के सामने बड़ी-बड़ी घोषणाएँ कर रहे हैं।



गणेश गोदियाल ने हर्षिल और धराली में सुरक्षा कार्यों की कमी पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नदी का जलस्तर अब सबसे कम है, जो चैनलाइजेशन और प्रोटेक्शन कार्य शुरू करने का अनुकूल समय है, लेकिन सरकार ने अब तक कोई संरक्षण कार्य नहीं शुरू किया है। अगर तत्काल कदम नहीं उठाए गए तो दोनों क्षेत्र भविष्य में गंभीर खतरे में होंगे।


प्रदेश अध्यक्ष ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस धराली के लोगों के साथ खड़ी है, और कांग्रेस की सरकार आने पर धराली का पूर्ण पुनर्निर्माण किया जाएगा। उनका कहना था कि धराली को गंगा घाटी का आदर्श मॉडल गाँव बनाया जाएगा।

गणेश गोदियाल के दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और आपदा प्रबंधन में सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर किया।



