

स्थान – किच्छा
रिपोर्ट – रंजीत सिंह


उत्तराखंड सरकार ने गन्ना किसानों को बड़ी राहत देते हुए पेराई सत्र 2025–26 के लिए गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करते हुए ऐतिहासिक घोषणा की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई इस घोषणा का पूरे प्रदेश के गन्ना किसानों ने स्वागत किया है।


किच्छा में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री की इस किसान–हितैषी नीति के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने किसानों की लागत, मेहनत और हितों को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लेकर सिद्ध किया है कि राज्य सरकार वास्तव में किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।


पूर्व विधायक शुक्ला ने बताया कि 25 नवंबर को हरिद्वार से पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक आदेश चौहान और वे स्वयं तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के रूप में मुख्यमंत्री से मिले थे। प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना मूल्य बढ़ाने का आग्रह किया था, जिस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लिया।


सरकार ने अगेती प्रजाति का मूल्य ₹405 तथा सामान्य प्रजाति का मूल्य ₹395 प्रति क्विंटल तय किया है। यह दर उत्तर प्रदेश से ₹30 अधिक है, जिसे प्रदेश सरकार का किसानों के लिए एक रिकॉर्ड और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि जो जनप्रतिनिधि किसानों के साथ खेतों में उतरकर उनकी समस्याओं को समझता है, वही ऐसे बड़े और संवेदनशील निर्णय लेने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है।

यह निर्णय प्रदेश के हजारों गन्ना किसानों को आर्थिक मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



