भाकपा- माले के वरिष्ठ नेता कॉमरेड राजा बहुगुणा का निधन, रानीबाग में अंतिम संस्कार

भाकपा- माले के वरिष्ठ नेता कॉमरेड राजा बहुगुणा का निधन, रानीबाग में अंतिम संस्कार

लोकेशन – लालकुआँ
रिपोर्टर – मुन्ना अंसारी

कम्यूनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा- माले) के केंद्रीय कंट्रोल कमीशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ वामपंथी नेता कॉमरेड राजा बहुगुणा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन से पार्टी समेत वामपंथी आंदोलन को गहरा धक्का लगा है।

शनिवार को कॉमरेड राजा बहुगुणा का पार्थिव शरीर भाकपा–माले के प्रदेश कार्यालय लाया गया, जहां सैकड़ों कार्यकर्ताओं, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा के दौरान सभी ने उनके संघर्षों, जन आंदोलनों में उनकी अहम भूमिका और सामाजिक न्याय के लिए उनकी प्रतिबद्धता को याद किया।

कार्यकर्ताओं ने नम आँखों से “लाल सलाम” के नारों के साथ उनकी अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया। लंबी शवयात्रा के बाद रानीबाग में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों से लेकर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े कई दिग्गज मौजूद रहे।

कॉमरेड राजा बहुगुणा को अत्यंत ईमानदार, संघर्षशील और जनता के मुद्दों को मुखरता से उठाने वाले नेता के रूप में जाना जाता था। उनके निधन से संगठन के भीतर ही नहीं, बल्कि समूचे जन आंदोलन में शोक की लहर है।