

स्थान – हरिद्वार

रिपोर्ट – धर्मराज


जिलाधिकारी के निर्देश पर परिवहन विभाग, पुलिस और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-334 के हरिद्वार–फेरुपुर खंड का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा, यातायात दबाव और दुर्घटना संभावित स्थलों का मूल्यांकन किया गया।



निरीक्षण में देशरक्षक तिराहा, बूढ़ी माता मंदिर तिराहा, राजा गार्डन, मैंगो फार्म एस-बेंड और जिया-पोटा क्षेत्र में अत्यधिक ट्रैफिक दबाव पाया गया। टीम ने इन स्थानों पर ब्लिंकर, रंबल स्ट्रिप्स और अन्य ट्रैफिक-कैल्मिंग उपायों की आवश्यकता जताई।


सड़क के कई आबादी वाले हिस्सों में अतिक्रमण पाए जाने पर इसे हटाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया। इसके अलावा, मीडियन मार्किंग, कैट-आईज और संकेतक क्षतिग्रस्त होने के कारण इनके पुनर्स्थापन की भी आवश्यकता बताई गई।



स्कूलों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों के पास स्पीड लिमिट और चेतावनी चिह्न लगाने की भी सिफारिश की गई। भारी वाहनों से होने वाले जाम और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक नो-एंट्री लागू करने की अनुशंसा की जाएगी।

सभी सुझावों को सड़क सुरक्षा समिति में प्रस्तुत कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।



