

स्थान – देहरादून


पांच बीघा भूमि पर चेंबर निर्माण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को भी राजधानी देहरादून में वकीलों ने बड़ी रैली निकालकर विरोध दर्ज कराया। सुबह से ही सैकड़ों अधिवक्ता सड़क पर उतर आए, जिसके चलते कई इलाकों में ट्रैफिक जाम लग गया।



सुबह वकील प्रिंस चौक से दो कतारों में मार्च करते हुए गांधी रोड, तहसील, दर्शन लाल चौक होते हुए घंटाघर पहुंचे। यहां कुछ देर नारेबाजी व प्रदर्शन के बाद अधिवक्ता वापस हरिद्वार रोड स्थित न्यायालय परिसर के सामने बने धरनास्थल पर लौट आए। यह पूरा मार्च दोपहर 12 बजे तक चला, जिससे आसपास के मार्गों पर यातायात बाधित रहा।


बार काउंसिल उत्तराखंड के वरिष्ठ सदस्य चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि चेंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं का यह आंदोलन पिछले 19 दिनों से जारी है। शासन ने ज्ञापन से संबंधित मुद्दों पर विचार के लिए समन्वयक समिति तो गठित कर दी है, लेकिन अभी तक उसका काम शुरू नहीं हुआ है।



वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज क्षेत्री ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि बार सड़क पर है, बेंच खामोश है और शासन–प्रशासन मौन। उन्होंने कहा कि मांगे पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


अधिवक्ताओं की रैली और प्रदर्शन के कारण शहर के कई इलाकों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।


