लोहाघाट–घात राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक और पिकअप में आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

लोहाघाट–घात राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक और पिकअप में आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल

स्थान – लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट – लक्ष्मण बिष्ट

शनिवार शाम लगभग 4 बजे लोहाघाट–घात राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाटन नर्सरी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पिथौरागढ़ से लोहाघाट की ओर आ रही बाइक UK03B 1605 और पिथौरागढ़ की ओर जा रहा डाक पार्सल पिकअप वाहन UK06C 0139 आमने-सामने भिड़ गए।

दुर्घटना में बाइक सवार धीरज उपाध्याय, निवासी गढ़ीगोठ (बनबसा), गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा रहा, लेकिन राहगीर मदद के लिए आगे नहीं आए। हालांकि स्थानीय लोगों ने तुरंत 112 पर कॉल कर सूचना दी

इसी दौरान घाट क्षेत्र में वाहन चेकिंग से लौट रहे एआरटीओ प्रवर्तन मनोज बगोरिया और उनकी टीम की नजर घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए एक अन्य वाहन की मदद से घायल को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया। पूरी टीम भी उसके साथ अस्पताल पहुंची।

उप जिला चिकित्सालय में डॉ. बीना मेलकानी ने युवक का प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि युवक के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें हैं। स्थिति खतरे से बाहर होने के बावजूद, सिर की चोटों को देखते हुए उसे चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।

एआरटीओ मनोज बगोरिया ने लोगों से अपील की कि दुर्घटना में घायलों की तुरंत मदद करें। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा ऐसे मददगारों को 25 हजार रुपए तक का इनाम दिया जाता है। साथ ही घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले वाहन स्वामी का भी धन्यवाद किया।