फर्जी वोटर सूची पर सियासी घमासान: भाजपा विधायक विनोद चमोली ने हरीश रावत पर लगाया बड़ा आरोप

फर्जी वोटर सूची पर सियासी घमासान: भाजपा विधायक विनोद चमोली ने हरीश रावत पर लगाया बड़ा आरोप

स्थान : देहरादून

राज्य में मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए चल रहे अभियान के बीच सियासत तेज हो गई है। जहां कांग्रेस इसे “वोट चोरी अभियान” बताकर भाजपा पर निशाना साध रही है, वहीं अब भाजपा का ही एक नेता कांग्रेस के बड़े चेहरे को कटघरे में खड़ा कर रहा है।

धर्मपुर से भाजपा विधायक विनोद चमोली ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत पर गंभीर आरोप लगाया। चमोली ने प्रेस के सामने एक दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि हरीश रावत का नाम धर्मपुर क्षेत्र के माजरा में मतदाता के रूप में दर्ज है।

विधायक का आरोप है कि—
“हरीश रावत का धर्मपुर क्षेत्र में न कोई मकान है, ना ही वह यहां किराए पर रहते हैं। ऐसे में उनका माजरा में मतदाता के रूप में दर्ज होना साफ तौर पर फर्जी वोटर होने का संकेत देता है।”

चमोली ने कहा कि प्रशासन द्वारा जो SIR (Special Summary Revision) की प्रक्रिया चलाई जा रही है, वह इसी तरह के फर्जी मतदाताओं को हटाने के लिए है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब कांग्रेस खुद भाजपा पर फर्जी वोट जोड़ने का आरोप लगा रही है, तो विपक्ष को यह भी जवाब देना चाहिए कि उसके शीर्ष नेताओं का नाम ऐसे क्षेत्रों में कैसे दर्ज हो रहा है, जहां उनका कोई निवास ही नहीं है।

इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।