ऋषिकेश: तपोवन में 10 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय निशुल्क योग शिविर का आयोजन

ऋषिकेश: तपोवन में 10 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय निशुल्क योग शिविर का आयोजन

लोकेशन – ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी

ऋषिकेश के तपोवन में देश-विदेश के पर्यटकों के लिए 10 दिवसीय निशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व योगाचार्य हिमालय सिद्धा अक्षरा ने किया। इसमें भारत, ताइवान, दुबई, सिंगापुर, जापान, इटली, यूके और यूएसए के लोग शामिल हुए।

योगाचार्य हिमालय सिद्धा अक्षरा ने कहा कि सभी विद्यालयों में योग की शिक्षा दी जानी चाहिए। उनका कहना था, “योग का मतलब है जोड़ना, और यह देखकर खुशी होती है कि योग ने पूरी दुनिया को जोड़ दिया है।” उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में दुनिया तनाव, अशांति और अस्थिरता से जूझ रही है, ऐसे में योग शांति का मार्ग दिखाता है।

उन्होंने आगे कहा, “योग उस ‘पॉज बटन’ की तरह है जो मानसिक और शारीरिक तनाव तथा बीमारियों से दूर रखता है। योग हमें रुकना, सांस लेना, संतुलन बनाए रखना और खुद को पूर्ण महसूस करना सिखाता है। इसे केवल व्यक्तिगत अभ्यास न बनाएं, बल्कि इसे ग्लोबल पार्टनरशिप और लोकनीति का हिस्सा बनाएं।”

योगाचार्य ने बताया कि योग सही तरह से जीने का विज्ञान है। यह व्यक्ति के सभी पहलुओं—शारीरिक, मानसिक और आत्मिक—पर काम करता है। उन्होंने कहा कि आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देना भूल गए हैं। महज कुछ मिनट योग को देने से आत्मविश्वास बढ़ता है और निरोगी काया मिलती है।