

संवाददाता- अरशद हुसैन

रूडकी के भगवानपुर में भारतीय किसान यूनियन तोमर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आज सुबह एसडीएम भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी से मुलाकात की और किसानों की समस्याओं को लेकर 17 मांगों वाला ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन तोमर के राष्ट्रीय सचिव मो. तालिब हसन ने प्रदेश सरकार पर किसानों के प्रति उदासीनता और शोषण का आरोप लगाया।




तालिब हसन ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने का समय मांगने के बावजूद अभी तक मुलाकात नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मुख्यमंत्री से बैठक नहीं होती है, तो 21 किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ ही हजारों किसानों को लेकर सीएम हाउस कूच करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।




किसानों की प्रमुख समस्याओं में गन्ने के बकाया भुगतान, टूटी-फूटी नहरों की मरम्मत, देहरादून-शिमला बायपास रोड पर स्कूल समय भारी वाहनों का आवागमन बंद करने और टोल प्लाजा पर किसानों के वाहन टोल मुक्त करने जैसी मांगें शामिल हैं। इसके अलावा उत्तराखंड के किसानों को प्रति कुंतल 500 रुपए भुगतान, 60 साल से अधिक उम्र के किसानों को 10 हजार रुपए मासिक पेंशन और मूलचंद एंक्लेव फेस-2 में नाले का निर्माण भी प्रमुख मांगों में रखा गया है।

एसडीएम ने ज्ञापन प्राप्त कर लिया है और इसे उच्च अधिकारियों के माध्यम से सरकार तक पहुँचाने का आश्वासन दिया।




