

नई दिल्ली, 27 नवंबर: वूमेन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का पहला मेगा ऑक्शन आज नई दिल्ली में आयोजित हो रहा है, जिसमें कुल 177 खिलाड़ियों पर बोली लगेगी। इस बड़े आयोजन में खिलाड़ियों पर बोली लगवाने की जिम्मेदारी संभालेंगी जानी-मानी ऑक्शनर मल्लिका सागर, जो पिछले सीजन में भी डब्ल्यूपीएल की ऑक्शनर रही थीं।




आर्ट और स्पोर्ट्स ऑक्शन की दिग्गज हस्ती
मल्लिका सागर एक अनुभवी आर्ट और स्पोर्ट्स ऑक्शनर हैं। उन्होंने साल 2001 में मात्र 26 वर्ष की उम्र में क्रिस्टीज से अपने करियर की शुरुआत की थी और क्रिस्टीज की पहली भारतीय महिला ऑक्शनर बनी थीं। 25 साल से अधिक अनुभव रखने वाली मल्लिका न सिर्फ WPL और IPL बल्कि प्रो कबड्डी लीग में भी ऑक्शनर रह चुकी हैं, जहां उन्होंने PKL सीजन 8 में डेब्यू किया था।

कैसे बनी क्रिकेट ऑक्शन की पहचान?
मल्लिका 2023 में तब सुर्खियों में आईं, जब IPL ऑक्शन के दौरान ह्यूग एडमीड्स की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने पूरे आत्मविश्वास से मंच संभाला। इसके बाद BCCI ने उन्हें 2024 से IPL की पूर्णकालिक ऑक्शनर नियुक्त किया। उनकी सधी हुई शैली, शांति और व्यवहारिकता की खूब सराहना की जाती है।




शिक्षा और पृष्ठभूमि
मल्लिका का संबंध मुंबई के एक बिजनेस परिवार से है। उन्होंने अमेरिका के ब्रिन मॉर कॉलेज, फिलाडेल्फिया से आर्ट हिस्ट्री की पढ़ाई की, जिसके बाद उन्होंने वैश्विक आर्ट जगत में अपनी पहचान बनाई।

नेटवर्थ
रिपोर्ट्स के अनुसार, मल्लिका सागर की नेटवर्थ करीब 15 मिलियन डॉलर (लगभग 126 करोड़ रुपये) है। वह एक लग्जरी और प्रतिष्ठित जीवनशैली के लिए भी जानी जाती हैं।
डब्ल्यूपीएल 2026 के मेगा ऑक्शन में एक बार फिर मल्लिका का पेशेवर अंदाज देखने को मिलेगा, जहां 73 स्लॉट्स भरने के लिए फ्रेंचाइज़ टीमें बोली लगाएंगी।





