


स्टेशन – बाजपुर. उधमसिंह नगर
रिपोर्ट – अकरम चौधरी

बाजपुर चीनी मिल के लगभग 24 घंटे से बंद होने पर किसानों का आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगने से किसान परेशान हो उठे। सुबह भाकियू प्रदेश अध्यक्ष करम सिंह पड्डा की अगुवाई में किसानों ने चीनी मिल पहुंचकर जमकर विरोध किया।




किसानों ने मौके पर मौजूद SDM, महाप्रबंधक डॉ. अमृता शर्मा और सीसीओ डॉ. राजीव अरोड़ा का घेराव करते हुए चीनी मिल को तुरंत सुचारू रूप से शुरू करने की मांग की। महाप्रबंधक डॉ. शर्मा ने अधीनस्थ अधिकारियों को मिल को नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए।




किसानों का आरोप है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी मिल का बार-बार बंद होना बड़ी लापरवाही का मामला है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस कंपनी ने करोड़ों रुपये में नया टरबाइन लगाया है और जिसे दो वर्षों तक मिल को सुचारू रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी दी गई है, वही यदि तकनीकी खराबी के लिए जिम्मेदार है, तो कंपनी की जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही?

चीनी मिल के ठप होने से गन्ना किसानों में भारी रोष है और मिल प्रबंधन पर त्वरित समाधान का दबाव बढ़ गया है।




