

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रामनगर के कंदला गाँव में सरकारी ड्यूटी पर तैनात महिला पटवारी पूनम और कानूनगो हरीश यादव के साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की का गंभीर मामला सामने आया है। राजस्व टीम भूमि नापजोख के दौरान उस परिवार से टकराई, जिस पर जमीन पर जबरन कब्जे का आरोप है।




जानकारी के अनुसार, महिला पटवारी और कानूनगो धारा 41 एनआर एक्ट के तहत आशा रावत की भूमि का मापन करने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपित परिवार ने टीम के काम में बाधा डालते हुए सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और अधिकारियों के साथ अभद्रता की। घटना में धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने की भी बात सामने आई है।




उपजिलाधिकारी रामनगर प्रमोद कुमार ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है और इसकी जानकारी तत्काल रामनगर थाने को दे दी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि कानूनगो और पटवारी इस मामले में तुरंत तहरीर दें, ताकि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में बाधा डालना, दस्तावेज नष्ट करना और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करना दंडनीय अपराध है। राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी इस घटना को लेकर गहरा रोष है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा एवं कार्रवाई में तेजी की मांग की है।





