

रिपोर्ट:- हरीश भण्डारी

लोकेशन:- अल्मोड़ा
उत्तराखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने की दिशा में अल्मोड़ा जनपद ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यहाँ पहली बार रेफरल मॉनिटरिंग समिति का गठन किया गया है, जिसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावशीलता और समय पर मरीजों की देखभाल सुनिश्चित करना है।




जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने अस्पतालों द्वारा प्रस्तुत सभी रेफरल मामलों की विस्तृत समीक्षा की। पिछले एक महीने में अल्मोड़ा के जिला एवं बेस अस्पतालों में लगभग 13 हजार मरीज स्वास्थ्य उपचार हेतु पंजीकृत हुए, जिनमें रेफरल मामलों में कमी दर्ज की गई।




बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अस्पतालों को निर्देश दिए कि जच्चा-बच्चा के सभी मामलों का सुव्यवस्थित डेटा रखा जाए और रेफरल व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए विभागीय संचार प्रणाली को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि रेफरल मामलों की नियमित निगरानी और फीडबैक प्रणाली को प्रभावी बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आम जनता को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके, इसके लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर काम कर रहा है और आपात परिस्थितियों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




