मांस वाहन रोककर मारपीट मामले में भाजपा नेता मदन जोशी ने किया आत्मसमर्पण, कोर्ट ने भेजा जेल

मांस वाहन रोककर मारपीट मामले में भाजपा नेता मदन जोशी ने किया आत्मसमर्पण, कोर्ट ने भेजा जेल

स्थान: रामनगर, उत्तराखंड
संवाददाता: सलीम अहमद साहिल

मांस वाहन को रोकने और चालक से मारपीट के मामले में हत्या के प्रयास की धारा में नामजद भाजपा नेता मदन जोशी ने मंगलवार को कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया। फरार चल रहे जोशी स्कूटी से कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया और न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि भाजपा नेता की गिरफ्तारी को लेकर आज सुबह से ही कोतवाली परिसर में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व विधायक मौजूद थे। संभावित तनाव को देखते हुए पुलिस ने भी अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की थी।

क्या है पूरा मामला?

23 अक्टूबर को मांस से लदा वाहन रोकने और चालक की पिटाई के मामले में वाहन चालक की पत्नी ने तहरीर दी थी। इस आधार पर पुलिस ने भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष मदन जोशी सहित पाँच नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद से ही जोशी फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही थी।

हाई कोर्ट से ज़मानत याचिका खारिज होने के बाद किया समर्पण

सोमवार को इस मामले में मदन जोशी की हाई कोर्ट से ज़मानत याचिका खारिज हो गई। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर आत्मसमर्पण करने की बात कही। वीडियो सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ कोतवाली पहुंच गई।

इसी दौरान मदन जोशी स्कूटी से स्वयं कोतवाली पहुंचे और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। कोतवाल सुशील कुमार के अनुसार, उचित कानूनी प्रक्रिया के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।