

रिपोर्टर- चेतन बत्रा
स्थान- ऊधम सिंह नगर


मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के बाद उत्तराखंड पुलिस पूरे प्रदेश में ऑपरेशन कालनेमि चलाकर ढोंगी पीर–फकीरों और साधु के भेष में घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर में भी पुलिस ने सख्त चेकिंग अभियान चलाया।



रुद्रपुर पुलिस ने क्षेत्र में साधु का वेश धारण कर घूम रहे 12 संदिग्ध लोगों को पकड़कर पूछताछ के लिए थाने लाया। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि सभी व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी वेरिफिकेशन की गई है। उन्होंने कहा कि कई लोग अपनी पहचान और उद्देश्य के बारे में स्पष्ट व संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए, जिस पर कुछ के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गई है।




अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य प्रदेश में सक्रिय फर्जी बाबाओं, तांत्रिकों और पीर–फकीरों के नाम पर लोगों को ठगने वाले गिरोहों पर लगाम लगाना है। रुद्रपुर पुलिस ने साफ कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।



प्रदेशभर में चल रहा ऑपरेशन कालनेमि आने वाले दिनों में और तेज किए जाने की संभावना है।



