भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, शादी में जा रहे चार शिक्षक दुर्घटना का शिकार—तीन की मौत, एक गंभीर

भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, शादी में जा रहे चार शिक्षक दुर्घटना का शिकार—तीन की मौत, एक गंभीर

स्थान : भवाली/भीमताल

भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रातीघाट के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे चार शिक्षक दुर्घटना का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रही एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर शिप्रा नदी में जा गिरी।

हादसे में सुरेंद्र भंडारी और पुष्कर भौसोड़ा़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खैरना चौकी इंचार्ज हर्ष बहादुर पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया।

गंभीर रूप से घायल दो शिक्षकों को 108 आपातकालीन सेवा से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान तीसरे शिक्षक संजय बिष्ट ने भी दम तोड़ दिया। वहीं चौथे शिक्षक मनोज कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और शिक्षा जगत ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।