लालकुआँ में सीएससी सेंटरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

लालकुआँ में सीएससी सेंटरों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

लालकुआँ क्षेत्र में अवैध वसूली और अनियमितताओं की शिकायतों के बाद प्रशासन की टीम ने सीएससी सेंटरों पर अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई उपजिलाधिकारी रेखा कोहली और तहसीलदार पूजा शर्मा के नेतृत्व में की गई।

टीम सबसे पहले तहसील के पास स्थित पुनीत भाकुनी के सीएससी सेंटर पहुँची। यहां कंप्यूटर, रजिस्टर और दस्तावेजों की जांच की गई। इस सेंटर में मौजूद युवती से जब शुल्क के बारे में पूछा गया तो उसने प्रमाणपत्र बनाने के लिए 250 रुपये लेने की बात कबूल की। यह सुनते ही SDM और तहसीलदार ने उसे कड़ी फटकार लगाई और साफ निर्देश दिए कि सरकार द्वारा तय शुल्क से ज्यादा पैसे न लिए जाएं, वरना कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद टीम पंकज पांडे के सीएससी सेंटर में पहुँची और जांच की। जैसे ही प्रशासन की कार्रवाई की खबर फैली, कई सीएससी सेंटर संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर फरार हो गए।

उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने कहा कि बाकी बचे सेंटरों का भी औचक निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी तरह की लूट-खसोट या अतिरिक्त शुल्क वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।