माणा पहुंचे ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी, सेना के जवानों व ग्रामीणों से की मुलाकात

माणा पहुंचे ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी, सेना के जवानों व ग्रामीणों से की मुलाकात

लोकेशन,, माणा, बद्रीनाथ
रिपोर्ट,, संजय कुंवर,

प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी आज चमोली जिले के देश के प्रथम गांव माणा पहुंचे। गांव पहुंचकर मंत्री जोशी ने सबसे पहले भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सीमांत क्षेत्र में उनके सेवा भाव तथा समर्पण की सराहना की।

इसके बाद मंत्री जोशी ने माणा बाजार का भ्रमण किया, जहां उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और तीर्थयात्रियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं व सुझावों पर बातचीत की। उन्होंने यात्रियों से यात्रा व्यवस्था और सुविधाओं का फीडबैक भी लिया।

माणा बाजार में उन्होंने स्थानीय उत्पादों की खरीददारी कर डिजिटल पेमेंट से भुगतान किया और लोगों को डिजिटल लेनदेन अपनाने का संदेश दिया।

मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माणा को देश का प्रथम गांव घोषित किया गया, जो यहां की संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति को सम्मान देने का ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समूहों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है और आज तक 1.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

बदरीनाथ धाम से लौटते समय मंत्री गणेश जोशी ने वृद्ध बद्री के पास काफिला रोककर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्यरत श्रमिकों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में श्रमिकों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे।