भीमताल मल्ली ताल में पार्किंग निर्माण का शिलान्यास, विधायक कैड़ा ने सीएम धामी का जताया आभार

भीमताल मल्ली ताल में पार्किंग निर्माण का शिलान्यास, विधायक कैड़ा ने सीएम धामी का जताया आभार

भीमताल। वर्षों से लंबित पार्किंग की समस्या को दूर करते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को भीमताल मल्ली ताल क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित पार्किंग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण प्रक्रिया शुरू हुई है। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और विधायक कैड़ा का फूलमालाओं से स्वागत किया।

भीमताल झील को क्षेत्र का प्रमुख पर्यटन केंद्र माना जाता है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। हालांकि, लंबे समय से पार्किंग की सुविधा न होने के कारण पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वाहन खड़े करने की जगह सीमित होने से अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे व्यापार और आमजन दोनों प्रभावित होते थे।

स्थानीय लोगों की मांग पर विधायक कैड़ा ने मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संज्ञान में लाया। इसके बाद पार्किंग निर्माण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया गया। जिलाविकास प्राधिकरण, मत्स्य विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय के बाद मत्स्य विभाग की जमीन पर पार्किंग निर्माण के लिए सहमति बनी।

विधायक कैड़ा ने कहा कि पार्किंग बनने के बाद पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जाम से राहत मिलेगी और स्थानीय युवाओं व व्यापारियों की आमदनी में वृद्धि होगी। उन्होंने यह भी बताया कि डांट क्षेत्र में पार्किंग निर्माण की दिशा में भी गंभीरता से काम किया जा रहा है, और जमीन संबंधी समस्या हल होते ही वहां भी पार्किंग परियोजना शुरू की जाएगी।

विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री धामी और राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कमल जोशी, जिला मंत्री मनोज भट्ट, नितिन राणा, कमला आर्या, दिनेश सागुड़ी, बीना आर्या, पंकज जोशी, गोपाल कृष्ण भट्ट, योगेश तिवारी, प्रधान पंकज उप्रेती, प्रदीप पाठक, कमलेश रावत, गौतम मटियाली, आशा उप्रेती, भावना पांडेय, कुलदीप बोहरा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।