लोहाघाट में गुलदार हमला: पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने मृतक परिवार से की मुलाकात, वन विभाग से तेज कार्रवाई की मांग

लोहाघाट में गुलदार हमला: पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने मृतक परिवार से की मुलाकात, वन विभाग से तेज कार्रवाई की मांग

स्थान: लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

बीते बुधवार को मंगोली ग्राम सभा निवासी भुवन राम को गुलदार ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। मंगलवार को पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल मृतक के गांव मंगोली पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढाढस बधाया तथा हर संभव मदद का भरोसा दिया।

पूर्व विधायक फर्त्याल ने वन विभाग द्वारा आदमखोर गुलदार को पकड़ने के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने डीएफओ चंपावत से फोन पर संपर्क कर इस कार्रवाई में तेजी लाने की मांग की।

वन विभाग के अनुसार, आदमखोर को पकड़ने के लिए चार पिंजरे लगाए गए हैं और एक दर्जन से अधिक ट्रैप कैमरे विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए गए हैं। पूर्व विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि और अधिक ट्रैप कैमरे लगाए जाएँ और जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने का प्रयास किया जाए।

फर्त्याल ने मृतक परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें मुआवजा जल्द दिया जाएगा और आवश्यक सहायता भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में गुलदार का आतंक है, इसलिए इसकी जल्दी गिरफ्तारी बेहद जरूरी है।

पूर्व विधायक ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और उनके स्तर से हर संभव मदद सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने वन विभाग के प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि प्रशासन और वन विभाग को इस मामले में पूरी तत्परता दिखानी चाहिए।