

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अचानक आईएसबीटी देहरादून का औचक निरीक्षण किया और परिसर में फैली गंदगी देखकर खुद झाड़ू उठाकर सफाई की। मुख्यमंत्री का कहना था कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखनी चाहिए।





स्वच्छता और व्यवस्था पर कड़ा रुख
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और एमडीडीए के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आईएसबीटी परिसर में नियमित सफाई, प्रदूषण और कचरे से मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपाध्यक्ष एमडीडीए बंशीधर तिवारी को आदेश दिए कि प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर तत्काल क्रियान्वयन किया जाए।


यात्रियों से सीधे फीडबैक लिया
सीएम धामी ने बसों की संचालन व्यवस्था, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने आईएसबीटी में मौजूद यात्रियों से मुलाकात कर उनके सुझाव लिए और कहा कि यात्रियों की राय ही व्यवस्थाओं सुधारने का आधार है।





प्रदेशव्यापी स्वच्छता अभियान की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार जनसहभागिता आधारित व्यापक स्वच्छता अभियान शीघ्र पूरे प्रदेश में शुरू करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण पर आईएसबीटी की सभी व्यवस्थाएँ पूरी तरह दुरुस्त दिखनी चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।

सीएम धामी बोले:
“अगली बार आऊँगा तो व्यवस्थाएँ पूरी तरह दुरुस्त दिखनी चाहिए।”
इस औचक निरीक्षण ने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच जागरूकता बढ़ाने का काम किया और आईएसबीटी परिसर में स्वच्छता और संचालन व्यवस्था सुधारने का संदेश दिया।




