


स्थान – खटीमा, उधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा ब्लॉक सभागार खटीमा में महिला सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, जिलाध्यक्ष विमला मुडेला, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पालिकाध्यक्ष रमेश जोशी और उत्तराखंड कॉपरेटिव के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।





जिलाध्यक्ष विमला मुडेला ने मुख्य वक्ता भावना मेहरा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में मुख्य वक्ता व प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की आत्मनिर्भर यात्रा में महिलाओं की भूमिका निर्णायक और अग्रणी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी के बिना आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य अधूरा है।




उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा चलाई जा रही महिला-केंद्रित योजनाएँ प्रदेश की महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यमिता और स्वावलंबन के क्षेत्र में सशक्त बना रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप महिलाओं की भागीदारी में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है।

सभा को संबोधित करते हुए राज्य कोऑपरेटिव के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत और ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा ने महिलाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की और उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।





