

स्थान: देहरादून
रिपोर्ट: सचिन कुमार

नगर निगम देहरादून की आयुक्त नमामी बंसल ने मंगलवार को केदारपुर स्थित ABC सेंटर में पशु चिकित्सा अनुभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में स्वान (कुत्ता) पंजीकरण, डेरी निरीक्षण, उग्र स्वानों के प्रबंधन तथा बधियाकरण प्रक्रिया पर विभागीय प्रस्तुति दी गई।




नगर निगम ने इस वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड 2,207 स्वान पंजीकरण कर 4,17,000 रुपये राजस्व अर्जित किया है। आयुक्त ने स्वान पंजीकरण में पीछे चल रहे वार्डों में विशेष अभियान चलाकर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।

डेरी निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आईं, जिसके तहत अब तक 1,19,000 रुपये के चालान जारी किए जा चुके हैं। नगर आयुक्त ने डेरी अपशिष्ट निस्तारण, गंदगी और जनशिकायतों पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




उग्र और खतरनाक स्वानों के बढ़ते मामलों पर आयुक्त ने अधूरे पड़े शेल्टर होम (डॉग कैनल) निर्माण पर नाराज़गी जताई। उन्होंने शेल्टर को जल्द पूरा करने के साथ CCTV लगाने, सुरक्षित बाड़बंदी, क्वारंटीन सेक्शन तैयार करने और नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
ABC कार्यक्रम की समीक्षा में बधियाकरण प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया। आयुक्त ने GPS लोकेशन, दैनिक रिपोर्टिंग तथा पुनर्स्थापन की फोटो–वीडियो ऑनलाइन सिस्टम पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए रैपिड एक्शन टीम गठित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।





