अपनी भूमि बचाने को दर–दर भटक रही पीड़ित महिला! दबंगों से जान–माल का खतरा, पुलिस-प्रशासन से लगाई इंसाफ की गुहार

अपनी भूमि बचाने को दर–दर भटक रही पीड़ित महिला! दबंगों से जान–माल का खतरा, पुलिस-प्रशासन से लगाई इंसाफ की गुहार

स्थान – कालाढूंगी।
रिपोर्टर – भगवान मेहरा।

कालाढूंगी क्षेत्र के ग्राम पाटकोट निवासी मीना देवी अपनी भूमि बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रही हैं। पीड़िता ने बताया कि दबंगों द्वारा उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, जिससे उन्हें अपनी और अपने परिवार की जान का खतरा महसूस हो रहा है।

मीना देवी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी नैनीताल को पत्र भेजकर न्याय की मांग की है। इसके अलावा उन्होंने रामनगर पुलिस क्षेत्राधिकारी को भी लिखित तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार उनकी 14 बीघा पैतृक भूमि है, जिस पर उनका कब्जा है। इस जमीन पर पूर्व में भी उनके चाचा लीलाधर और गिरीश राम (पुत्र पुरुख राम) द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया गया था, जिसके चलते मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
लेकिन आरोप है कि 11 नवंबर की रात लगभग 8 बजे आरोपियों ने 7–8 हथियारबंद लोगों के साथ दोबारा उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से हमला बोला। गांव के ही चन्दन के ट्रैक्टर से भूमि को कल्टीवेटर लगाकर जुतवा दिया गया।

मीना देवी ने बताया कि जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ बदसलूकी की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस घटना की शिकायत उन्होंने डीएम और पुलिस अधिकारियों को भेजी है, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

घटना के बाद शुक्रवार को पाटकोट के बीडीसी मेंबर अजय कुमार, कमल रावत, भुवन चन्द्र, गोपाल सिंह आदि लोग पीड़िता से मिले और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

इसी दौरान भीम फोर्स बहुजन मूल निवासी सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश राज भी पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद कहा कि वे मीना देवी को इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी करेंगे।
साथ ही उन्होंने इस पूरे प्रकरण में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।