

स्थान: देहरादून

देहरादून भाजपा मुख्यालय में आतिशबाजी, ढोल-नगाड़ों के साथ सीएम धामी का स्वागत

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होते ही पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। दिल्ली से लेकर राज्यों के भाजपा मुख्यालयों तक जश्न का दौर जारी है। इसी कड़ी में देहरादून स्थित उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में भी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और नाच-गाने के साथ जीत का जश्न मनाया।




मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जब जश्न के बीच प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे तो कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे परिसर में ‘भारत माता की जय’, ‘मोदी-धामी ज़िंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे।

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली प्रचंड जीत ने भाजपा के जश्न में और रंग भर दिए हैं। एनडीए गठबंधन ने पूर्ण बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि कई सीटों पर उसके प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने भी बिहार चुनाव में पांच प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया था, जिनमें से चार सीटों पर उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है, जबकि एक प्रत्याशी मामूली अंतर से पीछे चल रहा है।




जश्न के बीच मुख्यमंत्री धामी ने इस जीत को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि “बिहार की जनता ने सुशासन को चुना है और भ्रष्टाचार को हराया है। इस जीत ने साबित कर दिया कि देश में झूठ और फरेब की राजनीति अब नहीं चलेगी।”
धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी तंज कसते हुए उन्हें ‘पप्पू’ बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ के संकल्प की ओर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह जीत जनता के भरोसे, विकास और सुशासन की जीत है।

देहरादून में देर रात तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला और जीत का जश्न जारी रहा।




