थराली में राशन डीलर संघ की नई ब्लॉक कार्यकारिणी गठित, अब्बल सिंह गुसाईं बने अध्यक्ष, लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन

थराली में राशन डीलर संघ की नई ब्लॉक कार्यकारिणी गठित, अब्बल सिंह गुसाईं बने अध्यक्ष, लंबित मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन

स्थान – थराली
रिपोर्ट – मोहन गिरी

शुक्रवार को थराली में राशन डीलर संघ की ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। कोटेदारों की सर्वसम्मति से अब्बल सिंह गुसाईं को अध्यक्ष चुना गया, जबकि भरत सिंह रावत उपाध्यक्ष, दिवाकर मिश्रा महामंत्री, कुंदन सिंह भंडारी कोषाध्यक्ष और अब्बल सिंह सह सचिव बनाए गए।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के गठन के बाद कोटेदारों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों को कार्यकारिणी के सामने रखा। कार्यकारिणी ने सभी मांगों को एकजुट होकर शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

बैठक में मानदेय, राशन ढुलान के लंबित बकाए और पिछले माह जिन डीलरों को राशन उपलब्ध नहीं हो पाया, उस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी से टेलीफोनिक बातचीत कर जल्द राशन उपलब्ध कराने की मांग की गई।

इसके अलावा जिन डीलरों की बायोमेट्रिक मशीनों और तराजू में तकनीकी खराबी है, उन्हें ठीक कराने के लिए ऑपरेटर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष अब्बल सिंह गुसाईं ने मीडिया से कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि संघ की मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखकर समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।