एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परीक्षा प्रवेश पत्र में 50% बढ़ोतरी पर छात्रों का विरोध तेज, पुतला दहन कर जताया आक्रोश

एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परीक्षा प्रवेश पत्र में 50% बढ़ोतरी पर छात्रों का विरोध तेज, पुतला दहन कर जताया आक्रोश

स्थान – खटीमा, ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट – अशोक सरकार

जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित एचएनबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परीक्षा प्रवेश पत्र शुल्क में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी किए जाने के खिलाफ छात्रसंघ का विरोध उग्र हो गया है। छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित जोशी के नेतृत्व में छात्र मंगलवार को प्राचार्य से मिले और बढ़ोतरी को तत्काल हटाने तथा समर्थ पोर्टल में आ रही समस्याओं को ठीक करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

छात्रसंघ पदाधिकारियों का कहना है कि महाविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा प्रवेश आवेदन पत्र में जो 50% बढ़ोतरी की है, वह छात्रहित में नहीं है। साथ ही समर्थ पोर्टल की खराबी के कारण विद्यार्थियों को फॉर्म भरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन इन समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है।

ज्ञापन सौंपने के बाद भी जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो नाराज छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नीरज धामी ने भी प्राचार्य पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और कहा कि छात्र लगातार समस्याओं की जानकारी दे रहे हैं, बावजूद इसके समाधान नहीं किया गया।

प्राचार्य डॉ. पंकज पांडेय ने छात्रों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि महाविद्यालय की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की समस्या न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि समर्थ पोर्टल की तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए जाएंगे।

ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित जोशी, उपाध्यक्ष घनश्याम राणा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सचिन सामंत, हेमंत कुमार, निकिता उपाध्याय, अंशु राणा, आकाश वर्मा, किरन रौतेला सहित कई छात्र शामिल रहे।