

स्थान: देहरादून
दिल्ली में हुए धमाके की सूचना मिलते ही देशभर के साथ उत्तराखंड में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। बीती देर रात से ही प्रदेशभर में पुलिस महकमा पूरी तरह सक्रिय मोड में है। सभी जिलों में संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया।




राज्य पुलिस मुख्यालय, देहरादून में आज पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की जा रही है और सभी जिलों को चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।




सूत्रों के मुताबिक, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, धार्मिक स्थल और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। साथ ही, बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से सभी संदिग्ध स्थानों पर सघन जांच जारी है।

पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत 112 नंबर पर दें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।





