दिल्ली ब्लास्ट को लेकर गदरपुर में भड़का आक्रोश, भैरव सेना ने आतंकवाद के खिलाफ किया प्रदर्शन

दिल्ली ब्लास्ट को लेकर गदरपुर में भड़का आक्रोश, भैरव सेना ने आतंकवाद के खिलाफ किया प्रदर्शन

स्थान: गदरपुर
रिपोर्टर: महेंद्रपाल सिंह

दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन पर हुए भीषण बम विस्फोट में निर्दोष नागरिकों की मौत के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया है। गदरपुर क्षेत्र में भी सोमवार को भैरव सेना संगठन के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने आतंकवाद के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ता हजारी लाल पेट्रोल पंप पर एकत्र हुए और विस्फोट के विरोध में नारे लगाते हुए मुख्य मार्ग पर जुलूस निकाला। इस दौरान भैरव सेना के केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ. आर. के. महाजन ने बम धमाके में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और केंद्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

डॉ. महाजन ने कहा कि हाल ही में फरीदाबाद में 2900 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और भारी मात्रा में हथियार बरामद होने के बावजूद इतनी बड़ी घटना हो जाना सुरक्षा तंत्र की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश की सीमाएं अस्थायी रूप से सील करने की मांग भी की ताकि आतंकी घुसपैठ पर रोक लगाई जा सके।

इस मौके पर संगठन के सदस्यों ने घायल युवक हर्षुल सेतिया, जो इस हमले में घायल हुए हैं और वर्तमान में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं, के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार से देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त करने की अपील की और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने का संकल्प लिया।