दिल्ली धमाके के बाद हरिद्वार में हाई अलर्ट, हर की पैड़ी से रेलवे स्टेशन तक सख्त सुरक्षा व्यवस्था

दिल्ली धमाके के बाद हरिद्वार में हाई अलर्ट, हर की पैड़ी से रेलवे स्टेशन तक सख्त सुरक्षा व्यवस्था

स्थान: हरिद्वार
रिपोर्ट: धर्मराज

दिल्ली में हुए बम ब्लास्ट के बाद उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में भी हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं और शहर के प्रमुख स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

हरिद्वार पुलिस ने हर की पैड़ी, रेलवे स्टेशन, और रोडवेज बस अड्डे जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हर आने-जाने वाले यात्री और उनके सामान की जांच डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की मदद से की जा रही है।

जिले के सभी एंट्री पॉइंट्स पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।

जिले के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर सुरक्षा इंतज़ामों का जायज़ा लिया और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें।