हरिद्वार : गंगा घाटों के पास अवैध शराब बिक्री पर यूकेडी और हिंदूवादी संगठनों ने जताई आपत्ति

हरिद्वार : गंगा घाटों के पास अवैध शराब बिक्री पर यूकेडी और हिंदूवादी संगठनों ने जताई आपत्ति

स्थान: हरिद्वार
रिपोर्टर: धर्मराज

गंगा घाटों के आसपास अवैध रूप से हो रही शराब बिक्री के खिलाफ उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) और हिंदूवादी संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। सोमवार को यूकेडी कार्यकर्ता सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और उन्हें एक ज्ञापन सौंपकर प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।

यूकेडी कार्यकर्ताओं का कहना है कि हरिद्वार जैसे धार्मिक और पवित्र नगरी में गंगा घाटों के आसपास शराब बेचे जाने की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब बेची जा रही है, जिस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

गौरतलब है कि बीते सप्ताह हर की पैड़ी के पास पंतद्वीप मैदान में बनी एक झोपड़ी से पुलिस ने अवैध शराब का जखीरा बरामद किया था। इस घटना के बाद से ही स्थानीय संगठनों में नाराजगी बढ़ी हुई है।

यूकेडी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रशासन इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं करता, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।