


स्थान : नानकमत्ता
रिपोर्टर : तनवीर अंसारी


उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में नानकमत्ता के नानकसागर तट पर तीन दिवसीय ऐडवेंचर ईको स्पोर्ट्स फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। यह उत्सव 9 से 11 नवम्बर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न साहसिक और पर्यावरणीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।



उत्सव के दूसरे दिन आज ऑफ-रोड साइकिलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने हरी झंडी दिखाकर किया।




इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संरचना और भौगोलिक विविधता राज्य को साहसिक पर्यटन और ईको टूरिज्म के लिए विशेष रूप से उपयुक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल युवाओं में रोमांच और खेल भावना को बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय पर्यटन को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।



कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, प्रतिभागियों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी रही। आयोजकों ने बताया कि आगामी दो दिनों में कायकिंग, ट्रेकिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी कई अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।




