खिर्सू में दो दिवसीय बर्ड वाचिंग कार्यक्रम का समापन, बच्चों ने सीखी पक्षियों की पहचान

खिर्सू में दो दिवसीय बर्ड वाचिंग कार्यक्रम का समापन, बच्चों ने सीखी पक्षियों की पहचान

रिपोर्ट: भगवान‌ सिंह
स्थान: पौड़ी गढ़वाल

पर्यटन विभाग के तत्वाधान में खिर्सू ब्लॉक मुख्यालय के आसपास हरे-भरे जंगलों में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वाचिंग कार्यक्रम का समापन हो गया। इस अवसर पर क्षेत्र के लगभग 40 स्कूली बच्चों ने प्रख्यात राष्ट्रीय पक्षी विशेषज्ञ अजय शर्मा के मार्गदर्शन में पक्षियों की पहचान, उनकी आवाज़, उड़ान की शैली और पारिस्थितिकी तंत्र में उनके महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में बच्चों को दूरबीन के माध्यम से लगभग 42 विभिन्न प्रकार के पक्षियों को देखने का अवसर मिला। अजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश में पक्षियों की विविध प्रजातियां हैं, जिनमें कई दुर्लभ और प्रवासी पक्षी भी शामिल हैं। उन्होंने बच्चों में प्रकृति के प्रति जिज्ञासा और संवेदनशीलता विकसित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विशेषज्ञ ने यह भी बताया कि जलवायु परिवर्तन से निपटने और भविष्य की पीढ़ी की भूमिका को लेकर अभी से जागरूकता जरूरी है। खिर्सू के बर्ड वाचिंग केंद्र के रूप में उभरने की भी संभावनाओं को रेखांकित किया गया।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह ने कहा कि खिर्सू क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता, स्वच्छ वातावरण और पक्षियों की विविधता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे इको टूरिज्म कार्यक्रम स्थानीय समुदाय को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने और प्राकृतिक धरोहर को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। बर्ड वाचिंग और नेचर वॉक जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों और स्थानीय लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।