वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे, हल्द्वानी में हुआ ऐतिहासिक सामूहिक गान

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे, हल्द्वानी में हुआ ऐतिहासिक सामूहिक गान

हल्द्वानी, 7 नवंबर 2025
राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से महापौर गजराज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में किया गया। पूरे मैदान में देशभक्ति के रंग बिखरे और हजारों विद्यार्थियों ने एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट और पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री भगत सिंह कोश्यारी रहे। उनके साथ कालाढूंगी विधायक श्री बंसीधर भगत, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

महापौर गजराज बिष्ट ने अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि वंदे मातरम् का यह ऐतिहासिक क्षण राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी को इस अवसर पर शुभकामनाएँ दीं।

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राष्ट्र सेवा और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और हर नागरिक को इस दिशा में योगदान देना चाहिए।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को नमन करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने और “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करने की अपील की।

इस दौरान हल्द्वानी क्षेत्र के हजारों विद्यार्थी और शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशभर में आयोजित कार्यक्रमों को वर्चुअली संबोधित किया और पूरे देश के साथ एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान हुआ।

कार्यक्रम में आर्मी बैंड और हिंगास बैंड उत्तराखंड के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से देशभक्ति की भावना को चरम पर पहुँचा दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों को स्वदेशी संकल्प भी दिलाया गया।

इस भव्य आयोजन का संयोजन प्रदेश टोली सदस्य एवं मंत्री गौरव पांडे, पूर्व युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत और जिला संयोजक नवीन भट्ट ने किया।

कार्यक्रम में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल, प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी, सह-मीडिया प्रभारी प्रदीप जनोटी, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, रेनू अधिकारी, दीपक मेहरा, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल साह, जिला महामंत्री रंजन बर्गली व विनीत अग्रवाल, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल रहे।