

स्थान – हरिद्वार/उत्तराखंड
संवाददाता – मनोज कश्यप

हरिद्वार जनपद के रुड़की में अपराध जगत से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कारोबारी से कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि धमकी भरा फोन विदेश — आर्मेनिया से आया था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मास्टरमाइंड अब भी विदेश में है।




सूत्रों के मुताबिक, कलियर थाना क्षेत्र के व्यापारी रवि सैनी को एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी और पैसे न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी। व्यापारी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच में सामने आया कि धमकी देने वाला नंबर आर्मेनिया का है और उसे अजय हुड्डा, निवासी रोहतक (हरियाणा) द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा था।




पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इस पूरे रैकेट में आशीष सैनी, निवासी मूलदासपुर माजरा, की भूमिका भी थी। बताया जा रहा है कि आशीष सैनी ने ही व्यापारी और उसके भाई के मोबाइल नंबर विदेश में मौजूद अजय हुड्डा को भेजे थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आशीष सैनी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने और अजय हुड्डा ने मिलकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम इस्तेमाल कर व्यापारी से रंगदारी वसूलने की योजना बनाई थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी आशीष सैनी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि आर्मेनिया में रह रहे मास्टरमाइंड अजय हुड्डा को भारत लाने की तैयारी चल रही है।
एसएसपी डोभाल ने बताया कि पुलिस की टीम इस अंतरराष्ट्रीय रंगदारी रैकेट की हर कड़ी को जोड़कर जल्द पूरे नेटवर्क का खुलासा करेगी।





