


लोकेशन- रूड़की
संवाददाता- अरशद हुसैन

नेहरू स्टेडियम में इस बार बाबा श्री खाटूश्याम जी के 33वें जन्मोत्सव एवं वार्षिक महोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में दूर-दूर से आए हजारों श्यामप्रेमी बाबा के दरबार में भक्ति रस में झूमते नजर आए।

महोत्सव के पहले दिन श्री श्याम मित्र मंडल समिति ने सामाजिक सद्भाव की अनूठी मिसाल पेश करते हुए 11 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न कराया। नगरवासियों ने इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग दिया, जिसे सभी ने सराहनीय पहल बताया।





वहीं दूसरे दिन बाबा श्री खाटूश्याम जी का भव्य जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। देर रात तक चली भजन संध्या में कोलकाता से आए सौरभ शर्मा, पटियाला के विशाल शैली और रुड़की के दिनेश बजरंगी ने भक्ति भाव से ओतप्रोत भजनों की ऐसी श्रृंखला प्रस्तुत की कि भक्तगण झूमते और भाव-विभोर होते दिखाई दिए। मंच संचालन सिरसा के रिंकू गोयल ने किया।



महोत्सव में बाबा को 56 भोग अर्पित किए गए और विशेष रूप से तैयार 51 किलो के मिल्क केक का प्रसाद लगाया गया। कोलकाता से मंगाए गए आकर्षक विदेशी फूलों से बाबा का दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने वाले मंत्रमुग्ध रह गए। स्टेडियम का वातावरण फूलों की सुगंध, इत्र की महक और भक्ति भाव से पूरी तरह सराबोर रहा।




रात में हुई भव्य आतिशबाजी ने कार्यक्रम को और भी शानदार बना दिया। श्री श्याम मित्र मंडल समिति के अध्यक्ष राहुल बंसल ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य भक्ति, सामाजिक समरसता और सेवा की भावना को एक सूत्र में पिरोना है। उन्होंने नगरवासियों के सहयोग और प्रेम के लिए आभार व्यक्त किया।

रुड़की में आयोजित यह दो दिवसीय श्याम महोत्सव भक्ति, सामाजिक सौहार्द और श्रद्धा का अद्भुत संगम साबित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एलजेपी (रामविलास पासवान पार्टी) के युवा नेता उपस्थित रहे।





