

दीप्ति शर्मा के हनुमान टैटू पर पूछा सवाल, हरमनप्रीत बोलीं – अब ये ट्रॉफी मेरे पास रहेगी!

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5 नवंबर को अपने आवास लोक कल्याण मार्ग पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम का स्वागत किया और उन्हें ऐतिहासिक विश्व कप जीत के लिए बधाई दी। यह पहली बार है जब भारतीय महिला टीम ने आईसीसी महिला वनडे विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की है।




प्रधानमंत्री ने टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना और अन्य खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए कहा कि “तीन लगातार हार और सोशल मीडिया पर आलोचनाओं के बाद टीम ने जिस आत्मविश्वास और जज़्बे के साथ वापसी की, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है।”

पीएम मोदी ने बातचीत के दौरान खिलाड़ियों से कई हल्की-फुल्की और प्रेरणादायक बातें कीं। उन्होंने दीप्ति शर्मा से उनके ‘जय श्री राम’ इंस्टाग्राम पोस्ट और हनुमान जी के टैटू के बारे में पूछा— “हनुमान जी तुम्हें क्या मदद करते हैं?” इस पर दीप्ति मुस्कुराईं और बोलीं, “वो मुझे ताकत देते हैं।”

प्रधानमंत्री ने कप्तान हरमनप्रीत कौर से भी मज़ेदार सवाल किया— “आपने जीत के बाद गेंद जेब में क्यों रखी?” हरमनप्रीत ने जवाब दिया, “अब ये मेरे पास है, तो मेरे पास ही रहेगी… अभी भी मेरे बैग में है।”



पीएम मोदी ने युवा खिलाड़ी शेफाली वर्मा से भी पूछा कि कैच छोड़ने से पहले वो मुस्कुरा क्यों रही थीं। शेफाली ने हंसते हुए कहा, “मैं सोच रही थी – ‘आ जा कैच मेरे पास’… और फिर गेंद सच में मेरे पास आ गई।”
इस दौरान खिलाड़ियों ने भी प्रधानमंत्री से अपने अनुभव साझा किए। हरमनप्रीत कौर ने कहा, “2017 में हम प्रधानमंत्री जी से ट्रॉफी के बिना मिले थे, लेकिन आज ट्रॉफी के साथ आए हैं। हम चाहते हैं ऐसी मुलाकातें बार-बार हों।”


उपकप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि “प्रधानमंत्री हमेशा हमें प्रेरित करते हैं। आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और इसमें प्रधानमंत्री जी का बड़ा योगदान है।”
दीप्ति शर्मा ने कहा कि “2017 में प्रधानमंत्री ने कहा था — मेहनत करते रहो, एक दिन सपना पूरा होगा। आज वो सपना सच हो गया।”
नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 2 नवंबर को खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रचा था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री से हुई यह मुलाकात खिलाड़ियों और देश दोनों के लिए गर्व का क्षण बनी।





