नानकमत्ता मंडी में किसानों की शिकायत पर किसान आयोग उपाध्यक्ष की छापेमारी, धान तौल शुरू

नानकमत्ता मंडी में किसानों की शिकायत पर किसान आयोग उपाध्यक्ष की छापेमारी, धान तौल शुरू

स्थान: सितारगंज
रिपोर्ट: तनवीर अंसारी

धान तौल में लापरवाही की शिकायतों के बाद किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह ने शनिवार को नानकमत्ता कृषि मंडी में अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने यूसीएफ के धान क्रय केंद्रों पर छापेमारी की, जहां केंद्र संचालक मौके से नदारद मिले।

सूचना मिलते ही यूसीएफ प्रबंधक त्रिलोचन पाठक मौके पर पहुंचे और बंद पड़े केंद्रों को तुरंत खुलवाया, जिसके बाद मंडी में धान की तौल शुरू कराई गई

किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह ने बताया कि सरकार किसानों के हित में पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन कुछ दलाल और राइस मिलर्स सरकार की नीतियों के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने मंडी से धान खरीद की लिस्ट दिखाते हुए कहा कि अब तक दो लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदा जा चुका है, लेकिन व्यवस्था में भ्रष्टाचार की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री से जांच की मांग की जाएगी।

वहीं, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि नानकमत्ता क्षेत्र के 39 केंद्रों का पोर्टल बंद हो चुका है, जबकि अभी भी 40 प्रतिशत धान किसानों के पास खेत या घरों में पड़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और अधिकारियों से पोर्टल की समय सीमा बढ़ाने की अपील की है, ताकि किसानों का सारा धान खरीदा जा सके।

गोयल ने कहा कि खटीमा, नानकमत्ता और सितारगंज जिले की प्रमुख उपजाऊ मंडियां हैं और एसोसिएशन का लक्ष्य है कि हर किसान का धान पूरी तरह खरीदा जाए।