राष्ट्रपति दौरे से पहले नैनीताल में सड़कों का सौंदर्यकरण तेज, राजभवन मार्ग पर पिचिंग कार्य जारी

राष्ट्रपति दौरे से पहले नैनीताल में सड़कों का सौंदर्यकरण तेज, राजभवन मार्ग पर पिचिंग कार्य जारी

स्थान। नैनीताल

रिपोर्ट। ललित जोशी

सरोवर नगरी नैनीताल में इन दिनों राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। राजभवन मार्ग, जिससे होकर राष्ट्रपति मुर्मू राजभवन पहुंचेंगी, इन दिनों पाटने और मरम्मत कार्य के चलते पूरी तरह व्यस्त नजर आ रहा है। यही मार्ग डीएसबी कॉलेज तक जाता है, जहां राष्ट्रपति आगामी दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

प्रशासन और नगर निकायों की टीमें युद्ध स्तर पर सड़क, विद्युत और पेयजल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं। राजभवन मार्ग समेत राष्ट्रपति काफिले के रूट पर रंग-रोगन और सफाई अभियान भी तेजी से चल रहा है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और नैनीताल जिला प्रशासन ने 31 अक्टूबर तक सभी प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। अधिकारी लगातार निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं।

स्थानीय लोग हालांकि यह भी कह रहे हैं कि काश, इन सड़कों की मरम्मत केवल वीवीआईपी दौरों पर ही नहीं, बल्कि आम दिनों में भी होती, तो नागरिकों को राहत मिलती। फिलहाल, सरोवर नगरी वीवीआईपी स्वागत की तैयारी में पूरी तरह रंगी हुई दिखाई दे रही है