

स्टेशन –बाजपुर

रिपोर्ट – भूपेंद्र सिंह पन्नू


ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर में जनता को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगरपालिका अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते ने दो नई सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं में आवारा पशु पकड़ने वाला विशेष वाहन और मोक्ष रथ सेवा शामिल हैं।



यह पहल नगर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या और उनके कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं व नागरिक असुविधा को देखते हुए शुरू की गई है। लंबे समय से नगरवासियों की यह मांग थी कि नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं के नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम उठाया जाए।


अध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते ने बुधवार को दोनों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और इन्हें जनता की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने बताया कि ये दोनों सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी और इनके संचालन का समस्त व्यय नगरपालिका द्वारा वहन किया जाएगा।


गित्ते ने कहा कि नगरपालिका का लक्ष्य बाजपुर को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित नगर बनाना है। उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि वे नगरपालिका के प्रयासों में सहयोग करें और नगर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।



इस अवसर पर नगर के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




