खटीमा में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह की तैयारी शुरू, 8 नवंबर को होगा आयोजन

खटीमा में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह की तैयारी शुरू, 8 नवंबर को होगा आयोजन

स्थान – खटीमा ऊधम सिंह नगर उत्तराखंड
रिपोर्ट – अशोक सरकार

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में तहसील सभागार खटीमा में एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला प्रभारी मंत्री के आमंत्रण और आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

बैठक में प्रदेश प्रभारी भगवान सिंह ने उपजिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी के साथ बैठक कर शासन स्तर से मिले निर्देशों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों में जिलाधिकारी की मौजूदगी में राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा और उनकी समस्याओं को सुना जाएगा।

प्रदेश प्रभारी भगवान सिंह ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी कई आंदोलनकारियों की समस्याएं लंबित हैं, इसलिए इस बार शासन स्तर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सम्मान समारोह के दौरान उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।

एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले इस समारोह में सभी राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह ब्लॉक सभागार में आयोजित होगा, साथ ही कार्यक्रम स्थल के आसपास अतिक्रमण हटाने और चौक-चौराहों को सजाने की व्यवस्था की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम खटीमा में ही आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में आंदोलनकारियों का सम्मान किया जाएगा और राज्य की 25वीं वर्षगांठ को जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा।