


स्थान गदरपुर ।
रिपोर्टर महेंद्र पाल सिंह।

15 बटालियन एनडीआरएफ मुख्यालय परिसर में रविवार को 29 युवाओं को आपदा प्रबंधन की विशेष ट्रेनिंग दी गई। ये सभी युवा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तहत चुने गए हैं, जो अब मानव जनित और प्राकृतिक आपदाओं में राहत व बचाव कार्य की बारीकियों को सीख रहे हैं।



इस अवसर पर 15 बटालियन एनडीआरएफ के कमांडेंट सुदेश कुमार दराल ने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार की प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि किसी भी आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जाए। इसी दिशा में एनडीआरएफ लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए “युवा आपदा मित्र योजना” के तहत कुल 16 बैच तैयार किए जाएंगे, जिनमें से पहले बैच का आज विधिवत शुभारंभ किया गया है।



कमांडेंट दराल ने बताया कि इस प्रशिक्षण में युवाओं को सिखाया जा रहा है कि किसी आपदा की स्थिति में सुरक्षित तरीके से बचाव कार्य कैसे संचालित किया जाए, घायलों को प्राथमिक उपचार कैसे दिया जाए और राहत कार्यों में संसाधनों का प्रभावी उपयोग कैसे किया जाए।


वहीं, प्रशिक्षु पूजा भट्ट ने बताया कि वह राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से इस प्रशिक्षण में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा, “एनडीआरएफ की टीम द्वारा दी जा रही ट्रेनिंग बहुत उपयोगी है। हम सीख रहे हैं कि किसी आपदा के समय अपनी और दूसरों की जान की सुरक्षा कैसे करें और जान-माल का नुकसान कैसे कम किया जा सकता है।”


एनडीआरएफ की यह पहल युवाओं में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें संकट की घड़ी में समाज की सहायता करने के लिए सक्षम बना रही है।



